मेरठ की नुसरत बनी बॉक्सिंग चैंपियन

मेरठ(उत्तर प्रदेश )  : शायद ही कोई ऐसा दिन होता है जब महिलाओं के ख़िलाफ़ बढ़ते अपराधों पर अखबारों में कोई खबर नही होती है | महिलाओं के साथ होने वाले हादसों से अखबार भरे रहते हैं | ख़ासतौर पर लड़कियों के साथ आए दिन होने वाली छेड़खानी की वारदातों ने उनका जीना दुश्वार कर रखा है
इन बातों को देखते हुए अब लड़कियों ने अपनी हिफाज़त खुद करने की ठानी है | अब नई पीढ़ी की लड़कियों का रुझान खेलों की तरफ़ बहुत ज़्यादा हो रहा है | ख़ासतौर पर बॉक्सिंग सीखकर लड़कियां अपना संवारना चाहती हैं| इससे वह  छेड़खानी करने वालों को मुंहतोड़ जवाब भी दे सकती हैं |

इसी सिलसिले में मेरठ की नुसरत फातिमा ने बॉक्सिंग खेल में बेस्ट बॉक्सर का खिताब जीता है | नुसरत फातिमा श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा है | नुसरत का बॉक्सिंग में राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है| जनपद स्तर पर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में बेस्ट बॉक्सर का खिताब और गोल्ड मैडल जीतने वाली नुसरत राज्य स्तर पर भी गोल्ड मेडल जीत चुकी है | अब नुसरत का सलेक्शन केरल में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है |

नुसरत की कामयाबी इस बात कि मिसाल है कि अब बेटियां अपने ख़िलाफ़ होने वाली छेड़छाड़ को और बर्दाश्त नहीं करेंगी | नुसरत की कामयाबी पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है|