मेरी तुलना साध्वी प्रज्ञा से नहीं की जा सकती, वे एक महान संत हैं- उमा भारती

खजुराहो लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार विष्णुदत्त शर्मा का प्रचार करने कटनी पहुंचीं भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की नेता और केंद्रीय मंत्री उमा भारती से जब पूछा गया कि क्या मध्य प्रदेश की राजनीति में साध्वी प्रज्ञा उनकी जगह ले सकती हैं तो उन्होंने कहा कि मेरी तुलना साध्वी प्रज्ञा से मत करो, मैं उनकी तुलना में बेहद साधारण और मूर्ख प्राणी हूं।

ज़ी न्यूज़ पर छपी खबर के अनुसार, उमा भारती ने यह सब तब कहा जब उनसे मीडिया ने साध्वी प्रज्ञा के उनकी जगह लेने पर सवाल किया। इस पर केंद्रीय मंत्री बोलीं कि ‘साध्वी प्रज्ञा एक महान संत है। मेरी तुलना उनसे मत करिए। उनकी तुलना में मैं सिर्फ एक मूर्ख और साधारण प्राणी हूं।

ऐसे में उमा भारती के इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं। जहां कई लोगों ने इसे उमा भारती का साध्वी प्रज्ञा पर तंज कहा है तो कई लोगों ने उनके इस बयान को सिर्फ उनके विचार बताया है।

बता दें बुंदेलखंड में उमा भारती काफी लोकप्रिय हैं और वर्तमान में झांसी से सांसद हैं। ऐसे में खजुराहो में भी वह काफी लोकप्रिय हैं, जिसके चलते वह बीजेपी प्रत्याशी वीडी शर्मा के प्रचार के लिए यहां पहुंची थीं।

बता दें खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में बाहरी उम्मीदवार को टिकट देने पर भाजपा कार्यकर्ता और यहां की काफी काफी विरोध कर रही है, जिसके चलते भाजपा ने उमा भारती को खजुराहो के भाजपा कार्यकर्ताओं को समझाने का जिम्मा सौंपा है।