मैंने सीएम ममता बनर्जी को अपमानित नहीं किया- केशरीनाथ त्रिपाठी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा लगाये गये आरोपों को खारिज करते हुए राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में जैसी भाषा का प्रयोग किया और गलत व्यवहार किया है, इससे वह हतप्रभ हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य में मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के बीच हुई बातचीत अत्यंत गोपनीय होती है।

कोई भी इसे जगजाहिर नहीं करता। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपमानित करने की बात को सिरे से नकारते हुए कहा- मैंने मुख्यमंत्री से कुछ नहीं कहा है।

ना उन्हें अपमानित किया, ना धमकी दी है और ना ही कोई अमानवीय बातचीत की। मैंने मुख्यमंत्री से सिर्फ राज्य में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की बात कही।

मुख्यमंत्री द्वारा राज्यपाल पद पर उठाये गये सवाल पर श्री त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी प्रदेश में राज्यपाल का पद भी संवैधानिक पद है। एक राज्यपाल, अपने राज्य का प्रमुख होता है।