मोदी का मनमोहन सिंह पर शर्मनाक बयान, सोशल मीडिया भड़का

 नई दिल्ली: ऐसा माना जाता है कि दस साल तक देश के प्रधानमंत्री रहे डॉक्टर मनमोहन सिंह की ईमानदारी पर कभी किसी पार्टी द्वारा शक नहीं किया गया, ना ही कभी मनमोहन सिंह पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे।
बुधवार को लोकसभा में उनपर प्रधानमंत्री मोदी ने भ्रष्टाचार के सीधे आरोप लगाए। जिसके बाद पीएम मोदी की सोशल मीडिया में जम कर आलोचना हो रही है। मोदी ने बुधवार को लोकसभा में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर तंज कसते हुए कहा बाथरूम में रेनकोट पहनकर नहाना मनमोहन सिंह से सीखें। 
पीएम मोदी ने कहा कि 30-35 सालों से आर्थिक फैसलों में मनमोहन सिंह की भूमिका रही। इतने घोटाले सामने आए लेकिन मनमोहन सिंह पर दाग नहीं लगा. मनमोहन पर पीएम मोदी की टिप्पणी के बाद सदन में जोरदार हंगामा हुआ और कांग्रेस के सांसदों ने सदन से वॉक आउट किया। नोटबंदी के फायदे गिनाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 40 दिनों में 700 माओवादियों ने आत्‍मसमर्पण कर दिया जो कि अद्वितीय है. पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में नोटबंदी जैसा कुछ भी नहीं है।
इसलिए अर्थशास्त्रियों के पास इसके विषय में जानकारी नहीं है। यह विश्‍वविद्यायलों के लिए अध्‍ययन का विषय हो सकता है। नोटबंदी से परेशानियों के बावजूद कोई हिंसा नहीं हुई, क्योंकि देश बुराइयों से लड़ने के लिए आतुर है। उन्होंने कहा कि जो लोग जाली नोट बना रहे थे, उन्‍हें आत्‍महत्‍या करनी पड़ी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया पेपरलेस बैंकिंग की ओर जा रही है, भारत को भी इस दिशा में बढ़ना चाहिए। डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने की जरूरत है और हम इस पर काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि रिजर्व बैंक को सरकार ने काफी स्वायत्तता दी है, ऐसी संस्थाओं पर विवाद ठीक नहीं है।