मोदी के साथ नजमा समेत 46 वज़ीर

नरेंद्र दामोदर मोदी ने आज राष्ट्रपति भवन में एक शानदार त़करीब में हिन्दुस्तान के 15 वें वज़ीरे आज़म के तौर पर हलफ लिया। उनके साथ उनके कैबिनेट के 46 साथियों ने भी हलफ लिया। उनकी कैबिनेट में राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, सदानंद गौड़ा, उमा भारती ने भी कैबिनेट वजीर के तौर पर हलफ लिया। मोदी की टीम में 23 कैबिनेट वजीर, 10 ममलकती वजीर (इंडिपेंड़ेट चार्ज) और 12 ममलकती वजीर हैं।

तालियों की गड़गड़ाहट के बीच नरेंद्र मोदी ने हिंदी में हलफ लिया। मोदी की कैबनेट में नजमा हेपतुल्ला को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा गोपीनाथ मुंडे को भी कैबिनेट में जगह मिली है।

रामविलास पासवान कैबिनेट वजीर के तौर पर हलफ लेने वाले पहले गैर बीजेपी नेता रहे। उनके बाद कलराज मिश्र, मेनका गांधी कैबिनेट, अनंत कुमार, रविशंकर प्रसाद को भी कैबिनेट वजीर बनाया गया है।

टीडीपी के अशोक गजपति राजू, शिवसेना के अनंत गीते को भी मोदी की कैबिनेट में जगह दी गई है। अकाली दल की हरसिमरत कौर बादल कैबिनेट में जगह पाने वाली पांचवीं खातून रहीं। मुरैना से एम पी नरेंद्र सिंह तोमर को भी कैबिनेट वजीर बनाया गया है।

स्मृति ईरानी को भी कैबिनेट में जगह मिली है। इसके अलावा थावर चंद गहलोत, राधा मोहन सिंह, सुंदरगढ़ से एम पी जोएल उरांव और डॉक्टर हर्षवर्धन को भी कैबिनेट वजीर बनाया गया है। मोदी के अलावा उनकी कैबिनेट में कुल 23 वजीर शामिल किए गए हैं।

साबिक आर्मी चीफ जनरल वी के सिंह, राव इंद्रजीत सिंह, संतोष गंगवार को ममलकती वजीर (इंडिपेंड़ेट चार्ज) बनाया गया है। इसके अलावा श्रीपद यसो नायक, निर्मला सीतारमण, उधमपुर से बीजेपी एम पी डॉ. जितेंद्र सिंह, महाराष्ट्र से राज्यसभा एम पी पीयूष वेदप्रकाश गोयल, प्रकाश जावड़ेकर, लखीमपुर, असम से बीजेपी एम पी सरबनंद सोनोवाल, धर्मेंद्र प्रधान को भी ममलकती वजीर (इंडिपेंड़ेट चार्ज) बनाया गया गया है।

फरीदाबाद से एम पी कृष्णपाल गुर्जर, अरुणाचल पश्चिम से एम पी किरन रिजीजू, कन्याकुमारी से एम पी पी राधाकृष्णन, काराकाट से आरएलएसपी एम पी उपेंद्र कुशवाहा, निहाल चंद, मुजफ्फरनगर से एम पी डॉ. संजीव बालियान, गाजीपुर से एम पी मनोज सिन्हा, दावणगेरे से एम पी जी एम सिद्धेश्वर, भरूच से एम पी मनसुखभाई वसावा, रावसाहेब दानवे, विष्णु देव साय, सुदर्शन भगत को ममलकती वजीर बनाया गया है। कैबिनेट में कुल 12 ममलकती वजीर हैं।