नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए आज आरोप लगाया कि ‘सबका साथ और सबका विकास’ की बात करने वाली मोदी सरकार ने 3 साल में सामाजिक विकास का कोई काम ही नहीं किया है।
दिग्विजय सिंह ने आज ट्वीट कर मोदी सरकार पर हमला किया और कहा कि उसके शासन में युवा और किसान ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं और महिलाओं को सम्मान नहीं मिल रहा है। दलित तथा अल्पसंख्यकों के साथ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि तीन साल की उपलब्धि गिना रही इस सरकार में ‘युवाओं को काम नहीं, किसानो को दाम नहीं, महिलाओं को सम्मान नहीं और दलितों तथा अल्पसंख्यको को सुरक्षा नहीं दी है।’
उन्होंने कहा कि यदि इन सब अहम समाजिक मोर्चों पर यह सरकार असफल रही हो तो उसे बताना चाहिए कि उसने क्या किया है और ‘किसका साथ और किसका विकास’ किया है।