मोदी से शिकायत के शक पर पिता ने बेटी पर फेंका तेजाब  

मथुरा। मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी विवाहिता बेटी पर तेजाब फेंककर उसको गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हमले में पीडित का पति और पुत्री भी झुलस गये।

 

 

 

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सराय आजमाबाद इलाके में कल रात मानिकचन्द्र अपनी पुत्री खुशबू के घर जा पहुंचा और दरवाजा खुलते ही उसके ऊपर तेजाब से भरी बोतल पलट दी।

 

 

 
युवती के चिल्लाने पर बचाने आया उसका पति विनोद और तीन साल की बेटी पर आरोपी ने बचा हुआ तेजाब फेंका और फरार हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की गई शिकायत से खफा पिता ने पुत्री पर तेजाब फेंकने की घटना को अंजाम दिया। पीएमओ में शिकायत तो आरोपी की पत्नी ने ही की थी लेकिन उसे शक था कि उसकी विवाहिता बेटी ही सब करा रही है।

 

 

 

 

 

झुलसी महिला को आगरा के एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती करा दिया गया है। घटना में विनोद और उनकी तीन साल की बच्ची तृषा भी मामूली रूप से झुलस गए। तीनों को जिला अस्पताल ले जाय गया जहां खुशबू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एसएन मेडिकल कालेज, आगरा रेफर कर दिया गया।

 

 

 

 

खुशबू के पति विनोद का कहना है कि उसका ससुर मानिकचंद अपनी पत्नी सरिता के साथ दुर्व्यवहार करता है। पिछले दिनों सरिता ने प्रधानमंत्री आफिस में पत्र भेजकर शिकायत की थी। पीएमओ से आए पत्र के बाद पुलिस जांच में जुट गई।
 

 
मानिकचंद के दामाद विनोद ने अपने ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विनोद का कहना है कि उसका ससुर रुपये लेकर शादियां कराता है। गरीब लड़कियों को बेच देता है। अपनी छोटी बेटी की शादी भी रुपये लेकर की थी।

 

 

 

इसका भी विरोध खुशबू करती थी। इसे लेकर ही बाप-बेटी में अक्सर विवाद होता रहता था। मामले में एसपी सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अभी झुलसी महिला के बयान नहीं हो सके हैं। उसके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।