कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बिहार के किशनगंज से सांसद मौलाना असरारुल हक का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, हक गुरुवार रात एक धार्मिक कार्यक्रम (जलसा) में हिस्सा लेने गए थे, जहां उन्हें ठंड महसूस हुई।
उन्हें आनन-फानन में सर्किट हाउस लाया गया, जहां तबियत बिगड़ने के बाद स्थानीय अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में उन्हें दिल का दौरा पड़ा। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
किशनगंज से कांग्रेस पार्टी के लोकप्रिय सांसद, मौलाना असरारुल हक साहब, के निधन की ख़बर सुनकर बेहद दुःख हुआ।
मैं असरारुल हक साहब के परिजनों के प्रति अपनी गहरी शोक और संवेदना व्यक्त करता हूँ I
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) December 7, 2018
हक के बेटे सोहैल आलम ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव ताराबडी में शुक्रवार को नमाज के बाद किया जाएगा। साल 2014 में हक कांग्रेस के टिकट पर किशनगंज लोकसभा सीट से लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए थे।
वे पहली बार 2009 में यहां से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। आपको बता दें कि कासमी किशनगंज लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े और लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए थे।
मौलाना असरारुल हक कासमी का जन्म 15 जनवरी, 1942 में हुआ था। उन्होंने अपनी शिक्षा दारुल उलूम, देवबंद से हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने बिहार में कई मदरसे का संचालन किया था। हालांकि 2009 से पहले भी कासमी ने राजनीति में कई बार अपना भाग्य आजमाया था, लेकिन उनको सफलता नहीं मिल सकी थी।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने हक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि किशनगंज से कांग्रेस पार्टी के लोकप्रिय सांसद मौलाना असरारुल हक साहब का निधन हो गया है। इस खबर से वह बेहद दुखी हैं।
उन्होंने लिखा कि वह असरारुल हक साहब के परिजनों के प्रति अपनी गहरी शोक संवदेना व्यक्त करतें हैं। इसके साथ ही पार्टी के अन्य नेताओं ने भी उनके निधन पर दुख जताया है।