लखनऊ /सिआसत हिंदी
उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के नरही क्षेत्र में शुक्रवार 12 अगस्त देर रात गौ तस्करी के मामले में पुलिस की गिरफ्तारी को लेकर भड़के भाजपा विधायक के समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने शनिवार (13 अगस्त) यहां बताया कि नरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने पशु तस्करी के मामले में शुक्रवार (12 अगस्त) को पांच लोगों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार (12 अगस्त) को भाजपा विधायक उपेंद्र तिवारी अपने समर्थको एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नरही थाना के सामने धरने पर बैठ गए थे। उन्होंने पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
शुक्रवार (12 अगस्त) रात्रि 10 बजे पुलिस ने धरना कर रहे भाजपा समर्थकों को हटाने का प्रयास किया तो भाजपा समर्थक हिंसा पर उतारू हो गए और उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति विस्फोटक होने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। आँसू गैस के गोले छोड़े और रबर की गोलियां चलाई।
लाठीचार्ज में एक भाजपा कार्यकर्त्ता की मौत हो गयी पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की मौत पुलिस की गोली से नहीं हुई क्योंकि पुलिस ने गोलियां चलायी ही नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्पष्ट हो पाएगा।