उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपनी ही सरकार पर एक बार फिर हमला बोला है। राजभर ने सोमवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने के कारण पिछड़े वर्ग में नाराजगी बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी को उपचुनावों में हार का मुंह देखना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने केशव प्रसाद मौर्य को मुख्यमंत्री बनाने के लिए भाजपा को वोट दिया था, लेकिन पार्टी ने प्रदेश की कमान योगी आदित्यनाथ को सौंप दी।
प्रदेश सरकार में सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और राज्य दिव्यांग जन सशक्तिकरण मंत्री राजभर ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा के हालिया उपचुनावों में भाजपा की पराजय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश विधानसभा चुनाव केशव प्रसाद मौर्य को आगे करके लड़ा था और पिछड़े वर्ग के लोगों ने मौर्य के मुख्यमंत्री बनने की आस में ही भाजपा का समर्थन किया था। राजभर ने कहा कि भाजपा ने मौर्य को किनारे कर योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बना दिया।