यूपी चुनाव: गठबंधन के लिए कौन प्रचार नहीं करेंगे कोई मायने नहीं रखता- रामगोपाल यादव

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले मुलायम परिवार में जंग थमने का नाम नहीं ले रही है। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन के खिलाफ हुंकार भरने के चलते अब मुलायम सिंह पर उनके भाई रामगोपाल यादव ने पलटवार किया है। मुलायम सिंह के चुनाव में सपा-कांग्रेस के गठबंधन के लिए प्रचार करने के मुद्दे पर रामगोपाल यादव ने कहा है कि कौन प्रचार करता है और कौन नहीं ? यह कोई मायने नहीं रखता।

मुलायम सिंह के सपा-कांग्रेस के गठबंधन के खिलाफ खुलकर सामने आने के बावजूद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पिता के खिलाफ कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। मगर दूसरी तरफ रामगोपाल यादव ने मुलायम सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मंगलवार को गठबंधन के खिलाफ मुलायम सिंह के बयान को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष हैं।

राहुल गांधी कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं। गठबंधन हो चुका है और हमें विश्वास है कि गठबंधन को 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। इसलिए कौन प्रचार करता है या नहीं करता है। यह मायने नहीं रखता है।