यूपी चुनाव: शिवपाल के प्रचार से मुलायम सिंह का चुनाव अभियान शुरु

इटावा। सपा के संरक्षक और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम ने इटावा जिले की जसवंतनगर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव के लिए ताखा ब्लाक में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश का यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। खासतौर से मेरे और शिवपाल सिंह के लिए।

मौजूदा विधानसभा चुनाव में पहली बार किसी जनसभा को सम्बोधित कर रहे सपा संरक्षक ने कहा, ‘विशेष परिस्थितियों में शिवपाल सिंह को जिता देना। सपा के बारे में जो भूमिका लिखी गई है, उस पर नहीं जाना।’ सपा संस्थापक ने कहा कि नौजवान लोग ही सपा की असली ताकत हैं और सबसे ज्यादा नौजवान सपा के साथ हैं, इसलिए हमारी पार्टी कभी बूढी नहीं हो सकती।

उन्होंने अपने भाषण के दौरान ना तो अपने मुख्यमंत्री पुत्र अखिलेश यादव का और ना ही सपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ रही कांग्रेस का नाम लिया। साथ ही उन्होंने किसी भी विपक्षी दल या नेता की आलोचना भी नहीं की।

हालांकि मुलायम ने कहा कि सपा ने सबसे अधिक संख्या में लोगों को रोजगार दिया और जिन नौजवानों को नौकरी नहीं दे पाए उन्हें बेरोजगारी भत्ता दिया है और लड़कियों को कन्या विद्याधन दिया।

मुलायम ने कहा कि सपा के वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव के घोषणापत्र का दूसरे लोग मजाक उड़ाते थे लेकिन पार्टी की सरकार ने वह भी साकार करके दिखाया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा ने महिलाओं को सबसे अधिक सम्मान दिया और महिलाओं को सबसे अधिक चुनाव में टिकट दिए। सरकार मे मंत्री बनाने का काम किया।