यूपी में दिखने लगा प्रियंका का असर, कांग्रेस के समर्थन में आई छोटी पार्टियां

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की सियासत में प्रियंका गांधी की एंट्री ने न सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है, बल्कि उसका असर भी दिखने लगा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की अगुवाई में कांग्रेस का यूपी में महान दल के साथ गठबंधन हुआ है। इसके संस्थापक और अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने प्रियंका की मौजूदगी में कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ने का एलान किया।

बताया जा रहा है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश की कुछ सीटों पर महान दल की अच्छी पकड़ है। इसलिए कांग्रेस को इस पार्टी के साथ आने से फायदा हो सकता है।

इस मौके पर प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया दोनों मौजूद थे। प्रियंका ने कहा, “मैं केशव देव मौर्य का स्वागत करती हूं। 2019 चुनाव में हम शानदार प्रदर्शन करेंगे।”

उन्होंने कहा कि राहुल जी ने जो हमें लक्ष्य दिया है हम उस पर काम कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि केंद्र और राज्य में ऐसी सरकार बने जिसमें सभी वर्गों सभी समूदायों का प्रतिनिधित्तव हो। हम आगे बढ़कर मजबूती से लड़ना चाहते हैं। हम 2019 की लड़ाई जी जान से लड़ेंगे।

आपको बता दें कि राहुल गांधी ने मंगलवार को ही प्रियंका गांधी को 41 सीटों और ज्योतिरादित्य सिंधिया को 39 सीटों की जिम्मेदारी दी है।

इस मौके पर महान दल के अध्यक्ष मौर्य ने इस मौके पर कहा कि सिर्फ कांग्रेस ने ही दलितों और पिछड़ों के आरक्षण समेत तमाम हितों के बारे में सोचा और कार्य किया है। सिर्फ यही पार्टी सबको साथ लेकर चलने की सोच रखती है। मौर्य ने कहा कि वर्ष 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में महान दल का कांग्रेस से गठबंधन रहा है।

वर्तमान में पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर पिछड़ों और दलितों के आरक्षण को टुकड़ों में बांटकर सबको हिस्सा देगी। उन्होंने कहा कि उनका कांग्रेस के साथ गठबंधन अब लम्बा चलेगा।

महान दल ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन करके बदायूं, नगीना और एटा सीटों पर चुनाव लड़ा था, मगर तीनों ही जगह उसे हार का सामना करना पड़ा था। महान दल का पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछड़े वर्ग के मतदाताओं में असर माना जाता है।