यूपी में सपा सरकार बनाने के आंकड़े के करीब

लखनऊ ०‍‍‍‍‍‍‍‍‍‍‍‍‍‍‍‍‍‍‍‍७ मार्च‌ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना के प्रारम्भिक रुझानों के मुताबिक सत्तारुढ़ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भारी पराजय की ओर बढ़ रही है जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) को अच्छी बढ़त मिली है। सपा सरकार बनाने के जादुई आंकड़े 202 सीटों से सिर्फ 12 सीटें पीछे है।

कुल 403 सदस्यीय विधानसभा की सभी सीटों के रुझानों के मुताबिक सूबे में त्रिशंकु विधानसभा के आसार दिखने लगे हैं। सभी 403 सीटों के मिले ताजा रुझानों के मुताबिक, सपा 190, बसपा 101, भाजपा 51 और कांग्रेस गठबंधन 50 सीटों पर आगे चल रही। 11 सीटों पर अन्य दल आगे चल रहे हैं।

देश के पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, पंजाब, गोवा व मणिपुर में सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है। 8.30 बजे तक रुझान आने शुरू हो गए। उत्तर प्रदेश विधानसभा की 403 सीटों के लिए मतों की गिनती जारी है। इस चुनाव में 6839 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा जिसमें मंत्रियों, विधायकों सहित कई दिग्गज शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में मतगणना के लिए 72 केंद्र बनाए गए हैं।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के दिन वापस लौटते दिख रहे हैं। यहां बसपा दूसरे नंबर पर और भाजपा तीसरे नंबर पर चल रही है। प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए यहां मुकाबला है और जो भी दल 202 के जादुई आंकड़े को छुएगा, सरकार उसी की बनेगी।