यूपी में हार के बाद राज्य कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने की इस्तीफे की पेशकश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में करारी हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने इस्तीफे की पेशकश की है। विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी में बड़े पैमाने पर बदलाव के संकेत दिए हैं। हालांकि श्री बब्बर के इस्तीफे के बारे में पार्टी के प्रदेश नेताओं ने जानकारी नहीं होने की बात कही है, लेकिन उनके करीबी सूत्रों ने मीडिया को बताया कि श्री बब्बर ने अपना इस्तीफा कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भेज दिया है। सबसे कठिन दौर से गुजर रही कांग्रेस पार्टी ने राज्य विधानसभा चुनाव में अब तक की सबसे कम केवल सात सीटों पर जीत हासिल की है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

आम तौर पर चुनाव में हार के बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अपना इस्तीफा देते रहे हैं। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद उस समय प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद निर्मल खत्री को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था जबकि प्रमोद तिवारी की जगह प्रदीप माथुर को विधानसभा में कांग्रेस का नेता बनाया गया। कांग्रेस ने वर्ष 2012 के चुनाव में 29 सीटों पर जीत हासिल की थी। वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में हार के बाद निर्मल खत्री को हटाकर राज बब्बर को राज्य का नया अध्यक्ष बनाया गया। श्री प्रदीप माथुर के चुनाव में हार के बाद विधानसभा में नया नेता चुना जाना है। पिछले विधानसभा के केवल दो कांग्रेसी नेता फिर से निर्वाचित हुए है। इसमें कुशीनगर से अजय कुमार और प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से आराधना मिश्रा उर्फ मोना शामिल हैं। सुश्री आराधना मिश्रा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी की बेटी हैं।