रांची से 598 लोग जायेंगे हज

रियासत से इस साल 3218 लोग हज पर जायेंगे। इसमें सबसे ज़्यादा 598 लोग रांची के हैं। इनमें 326 मर्द व 272 ख़वातीन शामिल हैं। इनके अलावा दो बच्चे भी हज पर जायेंगे। सिमडेगा से सबसे कम पांच लोग (तीन मर्द व दो खातून) हज पर जा रहे हैं। रांची के बाद मगरीबी सिंहभूम से सबसे ज़्यादा लोग हज पर जा रहे है।

वहां से जानेवाले 490 लोगों में 258 मर्द व 232 ख़वातीन हैं। धनबाद से 199 मर्द व 136 ख़वातीन , गिरिडीह से 186 मर्द व 119 ख़वातीन हज पर जायेंगे। इसके अलावा बोकारो से 242 लोग हज पर जायेंगे। गढ़वा व रामगढ़ से 118 लोग इस साल हज पर जायेंगे। गोड्डा से 119 लोग हज पर जायेंगे। अभी तक किसी भी जिले से दरख्वास्त वापस लिये जाने की इत्तिला नहीं है।

हज जाने वाले से दरख्वास्त किया गया है कि 30 अप्रैल तक वे पहली किस्त की रकम 81 हजार रुपये हज कमेटी ऑफ इंडिया के खाते में जमा कर दें। लॉटरी के बाद बैंक का रिफरेंस नंबर का ऐलान किया जायेगा जिसके बाद हज जाने वाले अपना पैसा जमा कर सकेंगे। इस सिलसिले में हज कमेटी की तरफ से जानकारी दी जायेगी। हज जाने वाले से दरख्वास्त किया गया है कि वे अपना पैसा खुद या अपने रिश्तेदार के जरिये से ही जमा कराएं।