राजस्थान मे भगवाकरण की तैयारी, आठवीं कक्षा की पुस्तक से हटाया गया नेहरु का नाम

बीजेपी शासित राजस्थान में आठवीं क्‍लास की नई पाठ्यपुस्‍तक से देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का नाम हटा दिया गया है। राज्‍य के पूर्व मुख्‍यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने इस कदम को शर्मनाक बताया है।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

पहले प्रकाशित पुस्तक में नेहरू के बारे में लिखा गया था कि बैरिस्टर बनने के बाद उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में हिस्सा लिया और बाद में कांग्रेस के अध्यक्ष और आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री बने, लेकिन अब उनका कोई जिक्र नहीं है।

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर से संबधित पाठ्यक्रम में कक्षा आठ की सामाजिक विज्ञान की संशोधित पुस्तक में नेहरू के बारे में कोई जिक्र नहीं है। हालांकि संशोधित पुस्तक बाजार में उपलब्ध नहीं है। इस पुस्तक के प्रकाशक राजस्थान पाठ्यपुस्तक मंडल ने इसे वेबसाइट पर अपलोड किया है।

पुस्तक के संशोधित संस्करण में स्वतंत्रता सेनानी हेमू कालानी का नाम जोड़ा गया है। साथ में वीर सावरकर, महात्मा गांधी, भगत सिंह, बाल गंगाधर तिलक, सुभाष चंद्र बोस आदि अन्य नामों का पहले से जिक्र है, लेकिन नेहरू के नाम का जिक्र ना तो पुस्तक के स्वतंत्रता संग्राम के पाठ में और ना ही आजादी के बाद के भारत के पाठ में है।