रांची : रामगढ़ पुलिस ने साइबर क्राइम के बड़े सिंडिकेट का खुलासा करते हुए एक नौजवान को गिरफ्तार किया है। इस सिंडिकेट ने झारखंड-बिहार समेत मुल्क भर के करीब तीन सौ लोगों के बैंक खातों से 70 लाख रुपए से ज़्यादा की रकम उड़ाई है। गिरफ्तार नौजवान का नाम विष्णु कुमार है। वह बीएससी का तालिबे इल्म और बिहार के पूर्णिया का रहनेवाला है। उसके पास से करीब 15 लाख रुपए के सामान बरामद किए गए हैं।
एसपी डॉ तमिलवाणन ने जुमेरात को मीडिया को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भुरकुंडा थाना में एक जनवरी को ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज हुआ था। लपंगा कॉलोनी रहने वाले सुशांत कुमार बनर्जी ने कहा था कि उनके एटीएम कार्ड से स्नैपडील कंपनी से 22 हजार की खरीदारी हुई। इसके बुनियाद पर पुलिस ने ऑनलाइन खरीद के मामले की जांच शुरू की। तकनीकी शाख रांची ने जांच की, तो पता चला कि मामला ब्लूडार्ट कुरियर से जुड़ा है। इसकी जांच के बाद पुलिस ने वहां छापामारी की। वहां से पुलिस ने विष्णु कुमार को 9307 रुपए का मोबाइल लेते हुए कमलानगर हाट थाना (पूर्णिया) से पकड़ा।
विष्णु कुमार ने पुलिस के सामने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया है कि गिरोह के पास तकरीबन आठ सौ एटीएम का डाटा है। छापामारी दल में इंस्पेक्टर दिनेश पासवान, एएसआई उमांशकर, कुमार सौरभ और आरक्षी सुरेश कुमार व धर्मेंद्र कुमार शामिल थे। एसपी ने कहा कि गिरोह में और भी चार-छह मुजरिम हैं। इसमें गिरोह का मास्टरमाइंड भी शामिल है। गिरफ्तार मुल्ज़िम के बयान की बुनियाद पर जांच चल रही है। गिरोह के चीफ़ सरगना की जानकारी पुलिस को मिल गई है। जल्द ही दीगर मुजरिम भी पकड़े जाएंगे।