राम मंदिर बनाने का काम शुरू करने की तैयारी चल रही है: रामविलास वेदांती

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद और श्री राम जन्म भूमि आयोध्या न्यास के  कार्यकारी अध्यक्ष डॉ  रामविलास दास वेदांती ने शुक्रवार को कहा कि अयोध्या में जल्द ही भगवान राम के मंदिर का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

‘मिशन मोदी अगेन पीएम’ अभियान की शुरुआत करते हुए वेदांती ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान राम का मंदिर बनाने का कार्य अतिशीघ्र शुरू करने की तैयारी चल रही है। वेदांती इस अभियान के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वेदांती ने कहा पीएम मोदी के कार्यकाल में ही मंदिर का निर्माण होगा और मुस्लिम समाज की सहमति से यह कार्य पूरा होगा।

पीएम मोदी की तारीफ करते हुए वेदांती ने कहा कि प्रधानमंत्री पद का एकमात्र विकल्प मोदी ही हैं और फिलहाल दूर-दूर तक उनका कोई विकल्प नहीं दिखाई दे रहा है। आपको बता दें कि कुछ महीने पहले ही यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी राम मंदिर निर्माण को लेकर बड़ा बयान दिया था।

अयोध्या में एक संत समागम को संबोधित करते हुए योगी ने कहा था, ‘अयोध्‍या में राम मंदिर का निर्माण जरूर होगा और इसमें किसी को संदेह नहीं होना चाहिए। भारत की इस व्यवस्था के संचालन में न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका की अपनी भूमिका है। हमें उन मर्यादाओं को भी ध्यान में रखना होगा।’