राष्ट्रीय लोक समता पार्टी ने यूपी विधानसभा चुनाव के लिए जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

नई दिल्‍ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए केंद्र में एनडीए सरकार में साझीदार राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने पहली लिस्ट जारी की है | ये लिस्ट उत्तर प्रदेश समिति के संयोजक और रालोसपा सांसद रामकुमार शर्मा ने जारी की है |

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रवक्ता फजल इमाम मलिक ने यह जानकारी दी| पार्टी पहले और दूसरे चरण में 14 सीटों पर चुनाव लड़ रही है| लिस्ट जारी करते हुए रामकुमार शर्मा ने  कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी ने अकेले चुनाव में उतरने का फैसला किया है| यूपी में करीब 80 सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ेगी|

पार्टी ने बाह से माधुरी सिंह, बिजनौर से सुनील चौधरी, बढ़ापुर से समलेश सैनी, फतेहपुर सीकरी से अशोक भगेल, फतेहबाद से पूजा तिवारी, नगीना से चिरंजी लाल, आगरा दक्षिण से रोहित धाकड़, शिकोहाबाद से कृष्णपाल कुशवाहा, एत्मादपुर से गौरव निवेश, फीरोजाबाद सदर से रामगोपाल राठौड़, भोजपुरी से सर्वेंद्र पाल, बिल्सी से रिजवान अली कादरी और शाहजहांपुर से प्रदीप मिश्रा को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है|
उत्तर प्रदेश के कुशवाहा, सैनी, मौर्य और शाक्य जैसी जातियों पर पार्टी की नजर है | पूरे उत्तर प्रदेश में यह वोट बैंक 14 फीसदी है| गौरतलब है कि किसी भी उम्मीदवार की जीत में यूपी के 110 विधानसभा क्षेत्रों में इस जाति के वोट महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं |  .

इस मौके पर पार्टी उपाध्यक्ष दसई चौधरी, पार्टी महासचिव व प्रवक्ता फजल इमाम मलिक, महासचिव मालती कुशवाहा, सचिव संतोष भगत और प्रदेश अध्यक्ष अमित कुशवाहा भी मौजूद थे| बिहार में इस पार्टी का बीजेपी के साथ गठबंधन है| वहां इसके दो विधायक और तीन सांसद हैं|