राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम का एलान गुरुवार को होगा। बुधवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। लेकिन मुख्यमंत्री के नाम पर एक राय नहीं बन पाई। अब गेंद राहुल गांधी के पाले में है। माना जा रहा है कि उनकी हरी झंडी मिलने के बाद नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट दिल्ली पहुंच चुके हैं। दोनों राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। दिल्ली पहुंचे अशोक गहलोत ने कहा कि पर्यवेक्षकों ने शांतिपूर्ण तरीके से हर किसी की राय ली है। मुख्यमंत्री पर अंतिम निर्णय राहुल गांधी को लेना था। पर्यवेक्षक दिल्ली पहुंच चुके हैं। इस मुद्दे को लेकर चर्चा होगी और आज इस पर निर्णय लिया जाएगा।
Congress leader Sachin Pilot arrives at his residence in Delhi; he will meet Congress President Rahul Gandhi later today pic.twitter.com/qOQOd50pMo
— ANI (@ANI) December 13, 2018
इससे पहले राजस्थान में कांग्रेस ने बुधवार रात राज्यपाल कल्याण सिंह के सामने सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे की अगुवाई में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कुल 120 विधायकों के समर्थन का दावा किया।
इससे पहले राज्यपाल ने विधानसभा विघटन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि विधायक दल के नेता के नाम पर उन्हें जल्द ही जानकारी दी जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस पर्यवेक्षक केसी वेणुगोपाल, महासचिव अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट, विवेक बंसल और रघु शर्मा भी शामिल थे।
साभार- ‘पत्रिका’