रेप के मामले में बीजेपी शासित मध्यप्रदेश साल 2017 में एक बार फिर सबसे ऊपर- NCRB रिपोर्ट

भोपाल। महिलाओं के साथ बलात्कार के मामले में 4,882 की संख्या के साथ मध्यप्रदेश एक दफा फिर से देश के सभी राज्यों में सबसे पहले स्थान पर दर्ज किया गया हैै।

राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के मुताबिक मध्यप्रदेश इस मामले में गत वर्ष भी देश में पहले स्थान पर ही था। एनसीआरबी के आज जारी ताजा आंकडों के अनुसार 2017 में देश में 28,947 महिलाओं के साथ बलात्कार की घटना दर्ज की गयी।

इसमें मध्यप्रदेश में 4882 महिलाओं के साथ बलात्कार की घटना दर्ज हुई, जबकि इस मामले में उत्तर प्रदेश 4816 और महाराष्ट्र 4189 की संख्या के साथ देश में दूसरे और तीसरे राज्य के तौर पर दर्ज किये गये हैं। इसके साथ ही नाबालिग बालिकाओं के साथ बलात्कार के मामले में भी मध्यप्रदेश देश में अव्वल स्थान पर है।

मध्यप्रदेश में इस तरह के 2479 मामले दर्ज किये गये जबकि इस मामले में महाराष्ट्र 2310 और उत्तरप्रदेश 2115 के आंकड़े के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर है। पूरे भारत में 16,863 नाबालिग बालिकाओं के साथ बलात्कार के मामले दर्ज किये गये हैं।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक रिषि कुमार शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश में हम तत्परता से ऐसे मामले दर्ज करते हैं, इसलिए प्रदेश में बलात्कार की घटनाओं की संख्या अधिक होती है।

उन्होंने कहा कि एनसीबीआर के आंकडों के अनुसार प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की संख्या में वर्ष 2014 की तुलना में 28,756 से कम होकर वर्ष 2016 में 26,604 हुई है।

इसके साथ ही मध्यप्रदेश में कुल अपराधों की संख्या में भी कमी आयी है। वर्ष 2014 में जहां कुल 2.74 लाख अपराध दर्ज हुए थे, जबकि वर्ष 2016 में कुल 2.64 लाख अपराध दर्ज हुये।