रेल एसपी ने दिया ट्रेन डकैतों को देखते ही गोली मारने का हुक्म

पटना : हाल में बंका घाट व नवगछिया में ब्रेकवैन में डकैती की वारदात से तैश में आए रेल एसपी प्रकाशनाथ मिश्र ने जवानों को हुक्म दिया है कि आगे से डकैतों को देखते ही गोली मार दें। इससे पहले कभी भी ऐसा सख्त फैसला नहीं लिया गया था। रेल एसपी ने जुमा को खुसुसि बैठक में कहा कि रेल मुसाफिरों की जान-माल की हिफ़ाजत पहली तर्जीह है। रेल जायदाद या सरकारी जायदाद को वे नुकसान होने नहीं देंगे। रेल एसपी ने कहा कि मौके पर पहुंची पुलिस से अगर डकैतों का सामना होगा तो डकैतों को रेल पुलिस पहले सरेंडर करने को कहेगी। अगर डकैत सरेंडर नहीं करते हैं और रेल पुलिस को चैलेंज देते हैं तो जवान गोली चलाने में देर न करें।

पूर्व डीजीपी बोले- यह हुक्म गैरकानूनी

रेल एसपी के डकैतों को गोली मारने के हुक्म को साबिक़ डीजीपी डीपी ओझा ने गैरकानूनी करार दिया। साबिक़ डीजीपी का कहना है कि पुलिस हो या आम आदमी किसी को गोली मारने का हक़ नहीं है। पुलिस खुद हिफाजत के लिए मुजरिम को गोली मार सकती है। लेकिन यह हालात पर मूनहसर करेगा। जान व माल की हिफाजत करना सबों का हक़ है। पहली तर्जीह तो गिरफ्तारी है।