रोहिंग्या मुस्लिमों पर हिंसा को लेकर अंतरराष्ट्रीय दबाव झेल रही ‘आंग सान सू ची’ चीन पहुंची, म्यांमार का समर्थक रहा है चीन

बीजिंग। म्यांमा की नागरिक नेता आंग सान सू ची पड़ोसी मित्र देश चीन की यात्रा पर हैं। अपने देश में रोहिंग्या मुस्लिमों के उत्पीडऩ को लेकर बढ़ती अंतर्राष्ट्रीय आलोचनाओं के बीच शुक्रवार से शुरू हुई चीन यात्रा के दौरान वह देश के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात करने वाली हैं।

चीन इस संकट की आलोचना से बचता रहा है और शी से मिलने के दौरान सू ची का गर्मजोशी से स्वागत किये जाने की संभावना है।

इस दौरान चीन म्यांमा को एक निलंबित बांध परियोजना को फिर से शुरू करने के लिये जोर दे सकता है। जबरदस्त स्थानीय विरोध के चलते इस बांध का काम रोक दिया गया था।

दुनियाभर से 200 से अधिक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल के लिये चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के उद्देश्य से सू ची बीजिंग आई हैं।

बहरहाल यह स्पष्ट नहीं है कि नोबेल शांति पुरस्कार विजेता सू ची इस समूह को संबोधित करेंगी या नहीं या शी से कब मुलाकात करेंगी।

शी को कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव पद पर पांच साल के दूसरे कार्यकाल के लिये पिछले महीने ही फिर से नियुक्त किया गया। चीन म्यांमा का पुराना मित्र रहा है।

दक्षिण पूर्व एशियाई देश को पश्चिम द्वारा अलग-थलग कर दिये जाने के दौरान भी चीन ने म्यांमा का साथ दिया था और रोहिंग्या संकट को लेकर भी उसका बचाव करता रहा है।