नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस के प्रमुख मोहन भागवत पर तीखा हमला बोलते हुए आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि देश में सिर्फ दो लोगों का ही आदेश चलता है और जो उनके खिलाफ खड़ा होता है, उनपर ‘झूठे आरोप’ लगाकर उन्हें निशाना बनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि देश का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा सूखे जैसे हालात का सामना कर रहा है और ‘‘50 किसान हर रोज आत्महत्या कर रहे हैं’’ लेकिन प्रधानमंत्री को ‘‘इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहना है’’।
पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लागू करने के मुद्दे पर भी मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार निर्वाचित सरकारों को हटा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘देश में सिर्फ दो लोगों का आदेश चलता है। वह हैं- मोहन भागवत जी और नरेंद्र मोदी जी। और जो लोग उनके खिलाफ खड़े होते हैं, उनके खिलाफ बोलते हैं, उन्हें झूठे आरोपों का सामना करना पड़ता है।’’ राहुल ने कहा, ‘‘मोदी जी ने ‘अच्छे दिन’ का वादा किया था और आज देश सूखे से जूझ रहा है। देश का 40 प्रतिशत हिस्सा सूखे की चपेट में है। हर रोज 50 किसान आत्महत्या कर रहे हैं। लातूर, विदर्भ, बुंदेलखंड जल रहे हैं। और मोदी जी को इस बारे में कुछ नहीं कहना है।’’ कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भी रैली को संबोधित किया। इसके बाद संसद की ओर मार्च करने से रोके जाने पर इन नेताओं ने संसद मार्ग पुलिस थाने में अपनी गिरफ्तारी दी। इन्हें कुछ देर बाद छोड़ दिया गया।
(भाषा)