लगातार दुसरी बार मुख्यमंत्री बनी ममता बनर्जी, शपथ ग्रहण में शामिल हुए नीतीश, लालू और अरविंद केजरीवाल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने ली। उन्हें राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। ममता बनर्जी दोबारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनीं हैं। ममता बनर्जी के साथ 42 विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले रहे हैं। कल ही सुश्री बनर्जी राज्यपाल से राजभवन में मिलीं थी और उन्हें 43 विधायकों की सूची सौंपी थी। इस सूची में स्वयं उनका नाम भी शामिल था।

ममता बनर्जी के शपथ ग्रहण समरोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उत्तरप्रदेश के सीएम अखिलेश यादव व राजद प्रमुख लालू प्रसाद शामिल हुए हैं। मंत्रिमंडल में फिर से अमित मित्रा, पार्थ चटर्जी, सुब्रत मुखर्जी, फिरहाद हकीम, ज्योतिप्रिय मलिक, शशि पांजा, ब्रात्य बसु, गौतम देव, जावेद अहमद खान, राजीव बनर्जी, अरुप राय, अरुप विश्वास, पुर्णेंदू बोस, साधन पांडेय, मलय घटक, शांतिराम महतो, चंद्रनाथ सिन्हा, स्वपन देवनाथ, सोमेन महापात्र, मंटूराम पाखिरा, आशिष बनर्जी, विनय कृष्ण बर्मन, गयासउद्दीन मोल्ला, उज्जवल विश्वास को शामिल किए जाने की चर्चा थी जिनके विभागों की घोषणा बाद में की जायेगी।

ममता बनर्जी ने पहले संवाददाताओं से बातचीत के दौरान 42 विधायकों के मंत्री बनाने की बात कही थी, पर बाद में इस सूची में उज्जवल विश्वास का नाम भी शामिल किया गया। नयी सरकार में कोलकाता के मेयर शोभन चटर्जी भी शामिल किया गया। वह मेयर होने के साथ मंत्री पद भी संभालेंगे।