लगातार बारिश से मुम्बई के हालात बिगड़े, सभी लोकल ट्रेनों को किया गया रद्द!

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में लगातार भारी बारिश हो रही है जिसकी वजह से सड़के नदी बन चुकी है। जलभराव से पूरे शहर की हालत खराब हो गई है। जगह-जगह सड़कों और रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से शहर का यातायात बुरी तरह प्रभावित है। लोगों को बचाने और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए एनडीआरएफ की टीमें लगाई गईं हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई में सोमवार सुबह तक 165.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि उपनगरीय इलाके में 184.3 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। आने वाले दिनों में और ज्यादा बारिश की संभावना है।

भारी बारिश के चलते रेल ट्रैक पर जगह-जगह पानी भर जाने से मुंबई की लाइफलाइन मानी कही जाने वाली मुंबई लोकल ट्रेनों का संचालन लगभग ठप हो गया है। वेस्टर्न सबअर्बन लोकल ट्रेनें जहां देरी से चल रही हैं, वहां वसई और विरार के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं बंद कर दी गईं। इसके अलावा एसी लोकल ट्रेनें भी सोमवार को बंद ही रहेंगी।

मुंबई शहर में चलने वाली बेस्ट की बसें भी बुरी तरह प्रभावित हुईं हैं। कई बसों के रूट में बदलाव भी किया गया है। बेस्ट ने 9 मुंबई एसी बसों के ट्रेन रूट्स में बदलाव किया है। कई फ्लाइट्स की उड़ान में 30 मिनट की देरी के अलावा कुल 72 उड़ानें प्रभावित हुईं हैं।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के मुताबिक पिछले 21 दिनों में शहर में औसत मौसमी कुल बारिश की 60 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। दहीसर, बोरिवली, मलाड, जोगेश्वरी, अंधेरी, सांताक्रूज, माहिम, कुर्ला, परेल, दादर, चेंबुर, किंग सर्किल, सियॉन, वडाला, मस्जिद बंदर, घाटकोपर, पोवाई, भांडुप और अन्य जगहों पर भारी जलजमाव है। पूर्वी एक्सप्रेस हाईवे, पश्चिमी एक्सप्रेस हाईवे और पूर्वी फ्रीवे पर भारी जाम लग गया है। मुंबई के अलावा, मुंबई मेट्रोपोलिटन क्षेत्र के जिले जैसे ठाणे, पालघर, रायगढ़ में भी भारी बारिश हुई है।