बेलगाम, 28 अप्रैल: (कर्नाटक) कर्नाटक के बेलगाम के सुलेभवी गांव में 20 साल की एक कॉलेज स्टूडेंड से दरिंदगी का वाकिया सामने आया है। इम्तेहान देकर घर लौट रही इस लड़की से पहले गैंगरेप किया गया और फिर उसके जिस्म पर ‘मराठा’ गोद दिया। लड़की की लाश गांव के पास एक फार्म में पड़ी मिली।
पुलिस ज़राए के मुताबिक रेप के बाद लड़की के चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया था और उसके जिस्म पर देवनागरी स्क्रिप्ट में ‘मराठा’ लिखा हुआ था। लड़की सरकारी डिग्री कॉलेज की स्टूडेंट थी। वह जुमे की शाम को बेलगाम में इम्तेहान देने के बाद घर लौट रही थी, तभी उसका अगवा कर लिया गया था।
लड़की के वालिद ने उसके कपड़ों और चप्पलों से उसकी शनाख्त की। लड़की के घरवाले जुमे की शाम से रातभर उसका इंतेजार करते रहे। इसके बाद उन्होंने हफ्ते को थाने में शिकायत दर्ज कराई।
उधर, लड़की पर दरिंदगी की वाकिया से पुलिस भी हिली हुई है। पुलिस सुपरिंटेंडेंट संदीप पाटिल और डिप्टी कमिश्नर मुनीश मुद्गिल ने ज़ाय वाकिया का दौरा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस वहशियाना वारदात को अंजाम देने वालों को पकड़ने के लिए तीन टीमें बनाई हैं। उन्होंने कहा कि इस वारदात को अंजाम देने वाले फांसी के हकदार हैं।
गौरतलब है कि बेलगाम में पिछले तीन महीने में दूसरी लड़की से गैंगरेप हुआ है। इसस पहले जनवरी में अथानी में एक लड़की की गैंगरेप के बाद कत्ल कर लड़की की लाश को जला दिया गया था। उसके कातिल अभी भी फरार हैं।