लव जेहाद मामला : नौकरानी से नजदीकी बढ़ने के बाद रंजीत के वालिद ने की थी शादी

रांची की खातून शूटर तारा शाहदेव से शादी करके उसके साथ ज़ुल्म करने वाले रंजीत कोहली उर्फ रकीबुल का खानदान पटना से जुड़ा है। उसके वालिद हरमन कोहली करीब 35 साल पहले पटना के मीठापुर में किराए के मकान में खानदान के साथ रहते थे। वे सेल्स टैक्स अफसर थे। तब कौशल्या, रकीबुल की वालिदा, उनके घर में दाई का काम करने आती थी। बाद में हरमन की बीवी की मौत होने पर कौशल्या से उनकी नजदीकी बढ़ गई। रिटायरमेंट के बाद हरमन एक बेटी की वालिदा कौशल्या के साथ रांची चले गए। वहां बरियातू में फ्लैट में रहने लगे। फिर दोनों ने शादी कर ली। तब रंजीत पैदा हुआ। यह खुलासा बरियातू में कोहली खानदान के पड़ोसी रहे सज्जन राम ने किया। राम ने बताया कि फ्लैट में हुई अगलगी में हरमन की मौत हो गई। इसके बाद हालत इस कदर बदली कि कौशल्या को रांची में भी दाई का काम करना पड़ा। बेटी किरण भी उसकी मदद करती थी।

बाद में किरण एक प्राइवेट अस्पताल में स्वीपर का काम करने लगी। लेकिन, जवान होते ही रंजीत ने हालात बदल दिए। देखते ही देखते वह अमीर बन गया। रईसों की तरह ठाठ-बाट। कई फ्लैट भी खरीद लिए थे। सियासी गलियारों से लेकर पुलिस-इंतेजामिया और अदालती शोबे तक कोहली का दायरा बढ़ गया। अचानक बढ़े रसूख और जायदाद को देख कर पड़ोसी भी हैरत में थे। आखिरकार खातून शूटर को झांसा देकर शादी करने के बाद उसकी काली करतूतों की पोल खुल गई। इधर, कोहली की सौतेली बहन किरण की शादी रामू सिंह के साथ हुई। रामू उषा मार्टिन कंपनी में काम करता है। कोहली की करतूतों को लेकर बबाल मचने के बाद रामू और किरण बरियातू से सटे जोड़ा तालाब वाकेय अपने घर में ताला बंद कर कहीं और चले गए हैं।