लीबिया में बंधक आंध्र प्रदेश के डॉक्टर राममूर्ति को इस्लामिक स्टेट के चंगुल से छुड़ाया

नई दिल्ली। लीबिया में 18 माह पूर्व अपहृत भारतीय डॉक्टर को आईएसआईएस के चंगुल से छुड़ा लिया है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मंगलवार रात ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। साथ ही लीबिया में भारतीय मिशन के अफसरों की भी तारीफ की। डॉ. राममूर्ति कोसानम को गोली लग गई थी उन्हें जल्द ही भारत लाया जाएगा। सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर बताया कि इस प्रकार लीबिया में बंधक बनाए गए सभी छह भारतीयों को रिहा करा लिया गया है।

डाॅ. राममूर्ति कोसानाम को करीब 18 महीने पहले लीबिया में इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों ने अगवा कर लिया था। वह आंध्र प्रदेश में कृष्णा जिले के रहने वाले हैं। पिछले साल वहां केरल निवासी एक आईटी प्रफेशनल को बंधक बनने पर छुड़ाया गया था। लीबिया में भारतीय दूतावास भारतीय नागरिकों को सलाह देता रहा है कि वहां के बिगड़ते हालात को देखते हुए वे वहां से हट जाएं। लीबिया के विभिन्न हिस्सों में आ​ए दिन सशस्त्र संघर्ष होता रहा है।