वार्ड 46 के पार्षद मो. शाहिद खान उर्फ चमरू मियां को बड़ी पोस्ट आफिस के नजदीक बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उनके बांए कांधे में लगी। शूटरों ने वार्ड 39 की पार्षद अंजुम शाहीन के शौहर शाबिर खान को भी निशाना बनाया पर वह बाल-बाल बच गए। वाकिया पीर शाम 4.45 बजे के आसपास घटी। हमलावर चार की तादाद में थे। उनमें से दो बाइक पर और दो पैदल थे। पुलिस ने दोनों जख्मियों को जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर मो. शाहिद के कंधे में लगी गोली निकाल दी। फिलहाल वे खतरे बाहर बताए जा रहे हैं।
घात लगाकर बैठे थे बदमाश
बदमाश घात लगा कर शाहिद और शाबिर के आने का इंतजार कर रहे थे। उधर, वे दोनों शहबाज नगर के रहने वाले मो. बेलाल की बाइक पर बैठकर घर जा रहे थे। उनके बड़ी पोस्ट आफिस के सामने पहुंचते ही बाइक पर सवार दो नौजवान उनके करीब पहुंचे और पहले शाबिर खान पर गोली चलाई। हालांकि इस हमले में बाल-बाल बच गए। यह देख शाबिर ने बाइक गिरा दी भागने लगे। यह देख हमलावर ने फिर गोली चलाई जो शाहिद के बाएं कंधे में जा लगी। जान बचाने के लिए दोनों माउंट असीसि के रास्ते घुसे तो उधर से भी दो बदमाश गोलियां चलाते दौड़ पड़े। दोनों ओर से घिरने के बाद वे कचहरी जाने वाले मेन रास्ते की तरफ भागने लगे। इसी दौरान पुलिस गाड़ी वहां से गुजर रही थी। जिसे देख बदमाश भाग निकले। पुलिस ने फौरन दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया।
की जा रही है छापेमारी
वाकिया की जानकारी मिलते ही सिटी एएसपी वीणा कुमारी, इंस्पेक्टर मनोरंजन भारती, तिलकामांझी थाना इंचार्ज राकेश कुमार सिंह वगैरह अस्पताल पहुंचे। एसएसपी विवेक कुमार की हिदायत पर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अस्पताल अहाते की भी सेक्युर्टी बढ़ा दी गई है। जख्मी पार्षद शाहिद खान और शाबिर खान का पुलिस ने बयान दर्ज कर लिया है।