कर्नाटक में सियासरी तूफान अभी भी थमता हुआ दिखाई नहीं दे रहा है। कांग्रेस ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के आरोपों का जवाब देने के लिए प्रेस कांफ्रेस की। जिस दौरान उन्होंने कहा कि विधायकों को खरीदने में भाजपा को महारत है।
कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने अमित शाह पर तंज कसते हुए कहा कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार काले धन का कुबेर है।
आनंद शर्मा ने कहा कि हमने विधायकों को खरीदने की कोशिश नहीं की। इन लोगों ने होटल में हमारे विधायकों को बंधक बना रखा था जिसे पुलिस छुड़ा कर लाई।
विधायकों के परिवार को एजेंसियां उठा कर ले गई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कर्नाटक चुनाव में लगभग 20-20 करोड़ अपने एक-एक विधायक को दिए। ये सबसे बड़ी पैसे वाली राजनीतिक पार्टी है, अब उसकी हालत ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ जैसी हो गई है।
बता दें कि कर्नाटक चुनाव के बाद आज अमित शाह का दर्द छलका। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां हम मजबूत रहे हैं, वहां हम ही जीते हैं। ये एंटी कांग्रेस जनादेश है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद चुनाव हारे दूसरी सीट पर कम मार्जिन से चुनाव जीत पाए हैं।