केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमे नारेबाजी कर रही भीड़ को यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि डीएसपी मुर्दाबाद बोलो। करीब 18 सेकेंड के इस वीडियो में मंत्री के साथ कई लोग चल रहे हैं। इनमें से कुछ लोगों ने अपने माथे पर भगवा गमछा बांध रखा है। पूर्व उपमुख्यमंत्री और विरोधी दल के नेता तेजस्वी यादव ने इस वीडियो को शेयर किया है और आरोप लगाया है कि गिरिराज सिंह राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जा रहे हैं। तेजस्वी ने लिखा है, “केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भीड़ को बिहार सरकरा के खिलाफ भड़का रहे हैं। वो भीड़ को डीएसपी के खिलाफ ‘डीएसपी मुर्दाबाद’ का नारा लगाने को कहते हैं। नीतीश कुमार गृह विभाग देखते हैं और गिरिराज सीएम के खिलाफ जा रहे हैं। नीतीश जी असहाय बने हुए हैं जबकि बीजेपी पूरे राज्य को बर्बाद करना चाहती है।”
Union Minister Giriraj Singh inciting Crowd against his own govt in Bihar. He asks crowd to shout against DSP. “DSP Muradabad”.Nitish Kumar handles Home department & Giriraj Singh openly going against Bihar CM. Nitish is helpless & BJP totally wants to ruin Bihar now. pic.twitter.com/Gzg0sJ2PNm
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) March 18, 2018
बता दें कि राज्य के उत्तरी इलाके के बड़े शहर दरभंगा के बाबू भदवा में असामाजिक तत्वों ने एक शख्स की गला काटकर हत्या कर दी थी। इसके खिलाफ बीजेपी समर्थित लोगों ने शनिवार (17 मार्च) को केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में नारेबाजी की थी। शनिवार को गिरिराज सिंह के अलावा बिहार बीजेपी के अध्यक्ष नित्यानंद राय भी दरभंगा पहुंचे थे। आरोप है कि पीएम नरेंद्र मोदी के नाम पर मोदी चौक नाम रखने पर राजद समर्थित एक शख्स ने रामचंद्र यादव की हत्या कर दी थी। हालांकि, राज्य के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने इसे गलत करार देते हुए हत्या को जमीनी विवाद का परिणाम बताया है। शनिवार को बीजेपी के दोनों बड़े नेताओं ने उप मुख्यमंत्री के दावों से ठीक उलट पार्टी रंजिश में हत्या होने का दावा किया है।
तेजस्वी ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा है, “हार से घबराये व बौखलाहट में कल शाम भागलपुर में दंगा करवाया गया। अररिया, दरभंगा के बाद अब भागलपुर। नीतीश कुमार इतने असहाय,बेबस और लाचार क्यों है? गृह विभाग नीतीश कुमार के पास है वो माहौल बिगाड़ने वाले ऐसे तत्वों और शक्तियों को प्रायोजित और प्रोत्साहित क्यों कर रहे है?” इस बीच पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पुलिस ने कहा है कि विवाद को पीएम मोदी से जोड़कर सिर्फ पब्लिसिटी स्टंट किया जा रहा है।