वॉट्सऐप पर गर्लफ्रेंड को भेजा शादी का कार्ड, पुलिस ने किया अरेस्ट

उत्तर प्रदेश के आगरा के महरौली थाने में वॉट्सऐप मेसेज ने दुष्कर्म के आरोपी को जेल पहुंचा दिया। दिल्ली पुलिस उस समय गांव पहुंची जब आरोपी अपनी बारात ले जाने की तैयारी कर रहा था। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी की मानें तो आरोपी ने अपनी शादी का कार्ड गर्लफ्रेंड को वॉट्सऐप पर भेजा था। इसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की।

आगरा की बाह तहसील के थाना मनसुखपुरा के गांव बाजकापुरा के अरविंद की शुक्रवार को बारात आगरा जा रही थी, आरोपी कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा हुआ था। इसी दौरान दिल्ली पुलिस के साथ मनसुखपुरा थाने की पुलिस दूल्हे के घर पहुंच गई। पुलिस ने अरविंद के बारे में पूछताछ शुरू कर दी और जब आरोपी बाहर आया तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

युवती ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
मनसुखपुरा पुलिस के मुताबिक, अरविंद ने दिल्ली में युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जब लड़की गर्भवती हो गई तो उसे छोड़कर चला आया। युवती और अरविंद एक ही ऑफिस में काम करते थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए।

वॉट्सऐप पर भेजा शादी का कार्ड
जानकारी की मानें तो गुरुवार शाम को अरविंद ने अपनी शादी का कार्ड गर्लफ्रेंड के वॉट्सऐप नंबर पर डाल दिया था। कार्ड देखकर युवती ने महरौली थाने में संपर्क कर दुष्कर्म की पूरी वारदात बताई। दिल्ली पुलिस युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आगरा पहुंची और अरविंद को उसके घर में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।