शर्मनाक: महिला को ट्रेन से उतारकर पांच दरिंदों ने किया गैंगरेप!

ट्रेन में सफर कर रही महिला के साथ पांच दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। शुक्रवार रात को सोते समय महिला को ट्रेन से उतार कर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। खून से लथपथ पीड़िता जिला अस्पताल पहुंची, जहां उसका उपचार किया गया। पुलिस और जीआरपी ने शनिवार रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की।

पश्चिम बंगाल की रहने वाली पैंतीस वर्षीय महिला शनिवार सुबह बदहवास हालत में जिला अस्पताल पहुंची। उसके कपड़ों पर खून के निशान थे। अर्द्ध चेतना में वह अस्पताल के बाहर पड़ी थी।

चौकी प्रभारी रामजीत यादव ने महिला से पूछताछ की तो उसने बताया कि ट्रेन से उतारकर पांच लोगों ने रेलवे स्टेशन के टॉवर वैगन के समीप दुष्कर्म किया है। दरिंदे बेहोशी की हालत में उसे वहीं छोड़कर भाग गए। महिला के साथ ट्रेन में सफर कर रहे घर वाले छूट गए।

पुलिस ने उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने महिला के कपड़े बदलवाए और उसके कपड़े कब्जे में ले लिए। जीआरपी का कहना है कि महिला किस ट्रेन से उतरी इसकी जानकारी नहीं है, उसके पूरी तरह से होश में आने पर कार्रवाई की जाएगा।

एसपी उन्नाव हरीश कुमार व रेलवे एसपी सौमित्र यादव ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं आया। जानकारी कर कार्रवाई कराएंगे।