शिवपाल ने अखिलेश के यूथ ब्रिगेड के सात सिपाहियों को निकाला

शिवपाल ने अखिलेश के यूथ ब्रिगेड के सात सिपाहियों को निकाला

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव कड़े तेवर में हैं। उन्होंने सोमवार की शाम अपने भतीजे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के यूथ ब्रिगेड के सात महत्वपूर्ण लोगों को छह वर्ष के लिए पार्टी से निकाल बाहर किया। इनपर आरोप है कि तीन दिन पूर्व उन्होंने अखिलेश के पक्ष में और सपा मुखिया मुलायम सिंह के विरोध में नारेबाजी की थी।
उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष पद संभालते ही शिवपाल यादव ने पहले राम गोपाल यादव के भांजे को पार्टी से निष्काषित किया था। आज बड़ी कार्रवाई करते हुए यूथ विंग के सात अध्यक्षों को बर्खास्त कर दिया।
जिनपर कार्रवाई हुई वे हैं विधान परिषद सदस्य आनंद भदौरिया, सुनील सिंह यादव ‘साजन’ व संजय लाठर के साथ समाजवादी पार्टी यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष मोहम्मद एबाद, प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी युवजन सभा बृजेश यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड गौरव दुबे तथा प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी छात्रसभा दिग्विजय सिंह देव। आनंद भदौरिया तथा सुनील सिंह साजन एक बार पहले भी बर्खास्त किए जा चुके हैं। सभी को प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का खास माना जाता है। इनको पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने बर्खास्त किया था, लेकिन अखिलेश यादव के अड़ जाने के कारण दो दिन बाद ही आदेश वापस हो गया था। फिर भदौरिया व साजन विधान परिषद सदस्य बने थे। इससे पहले शिवपाल ने अरविंद सिंह गोप के साथ 23 वर्ष से पार्टी के प्रवक्ता रहे राजेंद्र चौधरी को उनके पद से हटा दिया था।

यूपी से मलिक असग़र हाशमी