शिवपाल, प्रजापति का रुतबा होगा वापस ,अखिलेश ने ट्वीट कर दी जानकारी
लखनऊ : मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने चाचा शिवपाल सिंह यादव से लिए गए सारे विभाग वापस
करने जा रहे हैं। इसके अलावा
बर्खास्त खनन मंत्री गायत्री प्रजापति को भी फिर से मंत्रिमंडल में शामिल करने का निर्णय लिया है।
सपा मुखिया मुलायम सिंह के निर्देश के बाद अखिलेश ने यह निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट में कहा है कि शिवपाल सिंह यादव को उनके विभाग वापस कर दिए जाएंगे। उन्होंने अपने एक और ट्वीट में बताया कि 12 सितंबर को बर्खास्त किए गए गायत्री प्रजापति को मंत्रिमंडल में दोबारा शामिल करने पर रजामंदी हो गई है।
बता दें कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को 13 सितंबर को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर यह जिम्मेदारी शिवपाल को दिए जाने के बाद उनसे लोक निर्माण, राजस्व तथा सहकारिता जैसे महत्वपूर्ण विभाग ले लिए थे। इस पर ऐतराज़ जताने को शिवपाल ने गुरुवार की रात को मंत्री पद तथा सपा के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इससे पार्टी में मचे घमासान को थामने के लिए सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को हस्तक्षेप करना पड़ा।
मुलायम, अखिलेश के साथ बैठक में शिवपाल यादव के सभी विभाग वापस दिए जाने और गायत्री प्रजापति की बर्खास्तगी रद करने का फैसला लिया गया था। इसकी घोषणा शुक्रवार को मुलायम ने एक प्रेस वार्ता में भी की थी। बता दें कि प्रजापति को प्रदेश में अवैध खनन को बढ़ावा देने और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने के आरोप हैं।
यूपी से हाशमी