आज 65वें राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा हो रही है। इस राष्ट्रीय पुरस्कारों में बेस्ट एक्ट्रैस का अवॉर्ड दिवंगत एक्ट्रैस श्रीदेवी को दिया गया है। जबकि इस साल का लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिवंगत एक्टर विनोद खन्ना को दिया गया है। श्रीदेवी की इसी साल मार्च में मौत हुई है। श्रीदेवी को उनकी 300वीं फिल्म ‘मॉम’ के लिए यह पुरस्कार मिला है।
इस साल की सर्वश्रेष्ठ फिल्म के तौर पर असमिया फिल्म ‘विलेज रॉक स्टार’ को मिला है। वहीं बेस्ट पॉपुलर फिल्म के पुरस्कार के तौर पर बाहुबली 2 (तेलगु) को चुना गया है। ऐसे में सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार ‘न्यूटन’ को गया है।
जबकि ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री बनी ‘न्यूटन’ के लिए एक्टर पंकज त्रिपाठी को स्पेशल मेंशन अवॉर्ड मिला है। इस साल बेस्ट एक्शन डायरेक्शन और बेस्ट स्पेशल इफेक्ट्स दोनों पुरस्कार फिल्म ‘बाहुबली 2’ को दिया गया है। मराठी फिल्म ‘धप्पा’ को नर्गिस दत्त पुरस्कार दिया गया है।
दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी की 300वीं फिल्म ‘मॉम’ के बेकग्राउंड म्यूजिक को बेस्ट बेकग्राउंड स्कोर का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया है। इस साल राष्ट्रीय पुरस्कारों की जूरी के अध्यक्ष हैं फिल्ममेकर शेखर कपूर, जो इस पुरस्कारों की घोषणा कर रहे हैं।
राष्ट्रीय पुरस्कारों की जूरी में इस साल 10 सदस्य हैं। इस जूरी में स्क्रीन राइटर इम्तियाज हुसैन, लेखक मेहबूब, साउथ इंडियन एक्ट्रेस गौतमी ताडिमाला और कन्नड़ डायरैक्टर पी. शेषाद्री, रंजीत दास आदि हैं।