सउदी अरब: बिनलादिन ग्रुप ने हज़ारों भारतीय समेत 50 हज़ार लोगों को नौकरी से निकाला

जेद्दाह: सऊदी अरब की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक बिनलादिन ग्रुप ने हजारों भारतीय समेत 50 हजार लोगों को नौकरी से निकाल दिया है। हालांकि जेद्दाह में अरब न्यूज़ के संपादक सिराज वहाब के मुताबिक बिनलादिन समूह के फ़ैसले से सऊदी अरब की आर्थिक स्थिति का कोई लेना देना नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस कंपनी को दशकों से सऊदी शाही परिवार से बड़े निर्माण कॉन्ट्रैक्ट मिलते रहे हैं। इनमें दुनिया में मुसलमानों के सर्वोच्च धार्मिक स्थल मक्का में हरम शरीफ़ के विस्तार की परियोजना भी शामिल थी। इस कंपनी में कर्मचारियों की संख्या कभी दो लाख तक थी। कई बार कंपनी के कुछ कर्मचारियों ने छिटपुट विरोध भी जताया क्योंकि महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है। सिराज वहाब कहते हैं कि कर्मचारियों की छंटनी के कंपनी के फैसले से जो लोग प्रभावित होंगे उनमें हजारों भारतीय भी शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि पिछले साल सितंबर में मक्का की मस्जिद में हुए क्रेन हादसे में 107 लोगों की मौत के बाद इस कंपनी को दोषी करार देते हुए सरकार ने इस पर रोक लगा दी थी। उनके मुताबिक़ ऐसे में कंपनी के पास अपने कर्मचारियों की छंटनी करने के अलावा कोई चारा नहीं बचा था।