सऊदी अरब के किंग सलमान लाव-लश्कर के साथ बीजिंग पहुंचे

सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्‍दुल्‍ला अजीज अल सउद अपनी एशिया यात्रा के दौरान गुरूवार को बीजिंग पहुंचे जहाँ राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उनका स्वागत किया। इस यात्रा के जरिये वह दुनिया की सबसे ज्‍यादा मुस्लिम आबादी वाले देशों के साथ अपने आर्थिक संबंधों को मजबूत करना चाहते हैं। किंग सलमान अपने 1,000 लोगों का भारीभरकम दल लेकर चल रहे हैं, जिसमें राजकुमार और मंत्री भी शामिल हैं।

 

 
यात्रा में लगभग 460 टन का सामान किंग सलमान के साथ चल रहा है, जिसमें दो मर्सिडीज लिमोजिन और एस्‍केलेटर्स भी शामिल हैं। किंग यहाँ तीन दिन रुकेंगे। पिछले साल शी जिनपिंग ने मध्य पूर्व की पहली राजकीय यात्रा के हिस्से के रूप में सऊदी अरब का दौरा किया था जो सात साल में किसी चीनी नेता का पहला दौरा था।

 

 
81 वर्षीय किंग सलमान की बुधवार को शुरू हुए एक महीने के एशिया दौरे के हिस्से के रूप में जापान, मलेशिया और इंडोनेशिया जाने के बाद यहाँ पहुंचे। मध्य एशिया और मध्य पूर्व में अपने व्यापार एवं निवेश प्रयास को चीन ने ‘वन बेल्ट, वन रोड’ नाम दिया है। बीजिंग पहुंचने के तुरंत बाद ही सलमान का ग्रेट हाल ऑफ दी पीपुल में भव्य स्वागत किया गया। इसी सभा कक्ष में चीन के सांसद बैठते हैं।

 

 

तेल पर कम निर्भरता वाली विकास रणनीति को बल देने के लिए 81 वर्षीय बादशाह एक महीने की एशिया यात्रा पर हैं। इस सप्ताह के शुरू में वह टोक्यो पहुंचे थे। वहां उन्होंने टेलीकाम कंपनी सॉफ्टबैंक के साथ 25 अरब अमेरिकी डॉलर के टेक्नोलाजी कोष की घोषणा की थी। चीन 2015 के बाद से सऊदी अरब का सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार रहा है।

 

 

चीन इंटरनेशनल स्टडीज के एक मध्य पूर्व विशेषज्ञ ली गुउफू ने एएफपी को बताया कि चीन निस्संदेह मध्य पूर्व में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और इस क्षेत्र में अपनी अनूठी शक्तियां लाएगा। ओबामा प्रशासन के दौरान रियाद और वाशिंगटन के बीच संबंध तनावपूर्ण थे।
यद्यपि उन्हें ट्रम्प के तहत सुधार की उम्मीद है, सउदी पूर्वी एशियाई संबंधों को मजबूत करने के लिए उत्सुक हैं।