सऊदी अरब को 1-0 हरा कर उरूग्वे अंतिम-16 में पहुंचा

उरुग्वे के स्टार स्ट्राइकर लुई सुआरेज ने अपने 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच को यादगार बनाते हुए गोल दागा, जिससे उरूग्वे ने सऊदी अरब को 1-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2018 के अंतिम 16 में जगह बनायी। उरूग्वे की यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में मिस्र को भी इसी अंतर से हराया था। उरुग्वे की इस जीत से ग्रुप ए से नॉकआउट में पहुंचने वाली दोनों टीमें भी तय हो गईं हैं। उरूग्वे की जीत ने मेजबान रूस का भी अंतिम 16 में स्थान पक्का कर दिया। इन दोनों टीमों के अभी दो मैचों में छह-छह अंक हैं। इस तरह तरह सऊदी अरब और मिस्र का सफर विश्व कप में लीग चरण में ही थम जाएगा। सुआरेज ने खेल के 23वें मिनट में दागा गोल  
सुआरेज ने खेल के 23वें मिनट में मैच का महत्वपूर्ण गोल दागा जो आखिरी में निर्णायक साबित हुआ। शुरुआती 20 मिनट तक दोनों टीमों ने एक दूसरे को बराबर की टक्कर दी लेकिन सुआरेज ने इसके बाद गोल करके उरूग्वे के दर्शकों में उत्साह भर दिया। इससे सऊदी अरब की टीम पर दबाव भी बना। रोस्तोव एरेना में खेले गये मैच में सुआरेज ने कार्लोस सांचेज के कार्नर पर यह गोल किया। तब गेंद सऊदी अरब के गोलकीपर मोहम्मद अल ओवैस की पहुंच से भी बाहर थी। इस तरह से सुआरेज ने अपने 100वें मैच में 52वां गोल दागा। वह तीन विश्व कप में गोल करने वाले उरूग्वे के पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं।