सऊदी अरब: हज करने गये 42 पाकिस्तानी नागरिकों की मौत!

सऊदी अरब में हज यात्रा के दौरान विभिन्न वजहों से कम से कम 42 पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने पाकिस्तान के धार्मिक मामलों के मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से कहा, “42 मृतकों में से, 30 पुरुष और 12 महिलाएं हैं। इनमें से अधिकतर की मौत दम घुटने या सड़क दुर्घटनाओं में हुई है।”

मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, सरकारी और निजी कार्यक्रमों के अंतर्गत, इस वर्ष हज करने अबतक 1,84,210 पाकिस्तानी यात्री सऊदी अरब पहुंच चुके हैं।

सऊदी अरब में रविवार को 20 लाख से अधिक मुस्लिम श्रद्धालुओं ने वार्षिक हजयात्रा शुरू की। सवेरा होते ही हजयात्री इस्लाम के पवित्र स्थलों में एक मक्का पहुंचे। मक्का पहुंचने के बाद हज यात्री काबा का तवाफ करना शुरू करते हैं।

सऊदी अरब में हज यात्रियों के लिए पहली बार स्लीपिंग पॉड का इंतजाम किया गया है। फाइबर ग्लास से बने इन स्लीपिंग पॉड्स में हज पर आने वाले लोग नि:शुल्क आराम कर सकते हैं। इसमें एक गद्दा, चादर, एसी और बड़ा सा आईना लगा हुआ है। पॉड में एक हज यात्री को तीन घंटे तक आराम करने की अनुमति है।

साभार- ‘ज़ी न्यूज़’