सपा में जारी घमासान के बीच लखनऊ में आज प्रधानमंत्री मोदी की रैली

लखनऊ। यूपी में समाजवादी पार्टी में जारी घमासान के बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लखनऊ में परिवर्तन महा रैली है। प्रधानमंत्री की यह रैली यूपी के बढ़े हुए राजनीतिक पारे को और बढ़ाएगी। भाजपा इस रैली को ऐतिहासिक बनाने में व्यस्त है। भाजपा का दावा है कि लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली मोदी की रैली में 10 लाख से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

न्यूज़ नेटवर्क समूह प्रदेश 18 के अनुसार इस जनसभा में देश में अब तक की हुई रैलियों में सबसे बड़ा होगा। इस रैली में पीएम मोदी द्वारा राज्य के लोगों के लिए प्रोत्साहन की घोषणा किए जाने की संभावना है।

कहा जा रहा है कि विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जल्द जारी होने की संभावना के बीच प्रधानमंत्री पार्टी उम्मीदवारों की सूची के बारे में भी कुछ कह सकते हैं। भाजपा यह चुनाव मोदी के भरोसे ही जीतना चाहती है, क्योंकि मुख्यमंत्री उम्मीदवार तय किए जाने से गुटबाजी की संभावना है। पार्टी के सामने यहां भी बिहार जैसी स्थिति है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी हरीश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पार्टी की रैली की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। वहीं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता हृदय नारायण दीक्षित ने बताया कि रैली में राज्य के सभी 1 लाख 40 हजार बूथों के लाखों कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

उन्होंने बताया कि पीएम मोदी की रैली में पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) रामलाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर, प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री कुलराज मिश्र, उमा भारती, जनरल वी के सिंह और महेंद्र नाथ पांडेय आदि मौजूद होंगे।