सलमान की ऐश और अभिषेक से बात

नई दिल्ली, 29 दिसंबर: अभिषेक और ऐश्वर्या राय की शादी के पहले सलमान खान और अभिषेक बच्चन गहरे दोस्त थे। ऐश्वर्या राय से शादी करने के बाद अभिषेक और सलमान खान में दूरी आ गई। लेकिन इन दोनों ने कभी भी एक-दूसरे के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया। अगर कभी यह एक-दूसरे के सामने पड़ भी गए तो इन्होंने रस्मी तौर पर से एक-दूसरे को सलाम किया है, लेकिन मन ही मन इन दोनों के बीच में मनमुटाव था।

अब सुनने में आ रहा है कि इन दोनों के बीच का मनमुटाव खत्म होने जा रहा है। अभी हाल ही में जाने माने ताजिर सनी दीवान ने अपनी बेटी अनु के साथ मिलकर क्रिसमस के मौके पर एक बड़ी पार्टी दी थी। इस पार्टी में बॉलीवुड के कई सितारे मौजूद थे। साजिद नाडियावाला, सिकंदर खेर, बॉबी देओल, रणबीर कपूर समेत कई लोग शामिल हुए।

सलमान पार्टी में देर रात पहुंचे और पहुँचने के साथ ही उनकी नजर अभिषेक पर पड़ी। सलमान फौरन अभिषेक के पास गए और फिर दोनों एक कोने में जाकर काफी देर तक बात करते रहे। खास बात यह रही कि अभिषेक के साथ वहां ऐश्वर्या भी थीं, बावजूद इसके सलमान उनसे बात करते रहे।

ऐश्वर्या से ब्रेकअप होने के बाद सलमान हमेशा ही ऐश्वर्या से बचते और कटते दिखे हैं। दोनों को एक दूसरे के साथ इस तरह पेश आते देख सभी दंग थे। यही नहीं, सलमान ने वहां शाहरुख़ खान की बीवी गौरी खान से भी बहुत अच्छे से बातचीत की। गौरी वहां अकेली आई थी। सलमान का शाहरुख से भी दुश्मनी का रिश्ता जगजाहिर है। अब इंडस्ट्री इस बात का कयास लगा रही है कि क्या सलमान अब इंडस्ट्री में सबके साथ अच्छे ताल्लुक़ात‌ बनाने जा रहे हैं या फिर कोई दूसरी बात है।