सहारनपुर हिंसा के विरोध में जंतर-मंतर पर दलितों का विरोध प्रदर्शन

नई दिल्ली: सहारनपुर हिंसा में दलितों को निशाना बनाए जाने के विरोध में आज यहां जंतर-मंतर पर दलित संगठन भीम सेना के हजारों कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और न्याय की मांग करते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके प्रदर्शन में दलित समुदाय के देश भर से आए पांच हजार से अधिक लोग शामिल हुए।

कई अन्य संगठन भी भीम सेना के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल हुए। सुबह से ही हजारों देश भर से लोग जंतर-मंतर पर इकट्ठा होने लगे थे। सहारनपुर हिंसा के बाद भीम सेना के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने मुकदमा हटाने और दलितों को न्याय दिलाने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की|

चन्दर शेखर आजाद ने इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सहारनपुर में दलितों पर अत्याचार किए गए, उनके घर जलाए गए। लूटपाट की गई लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन दोनों मिले हुए हैं।