साली की शादी में जीजा की पिटाई, गले की चेन भी चुराई

आजमगढ़: रौनापार बाजार में शुक्रवार की शाम आई बारात में भोजन करते समय हुए विवाद में पड़ोसी युवकों ने दुल्हन के जीजा को पीटकर घायल कर दिया। साथ ही उसके गले से चेन छीनकर फरार हो गए। घायल जीजा का स्थानीय डाक्टर के यहां इलाज कराया गया। हालत में सुधार होने पर शनिवार को उसने रौनापार थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल युवक 35 साल के मटरू पुत्र लालबिहारी है। वह रौनापार थाना क्षेत्र के नैनीजोर मसूरियापुर गांव का निवासी है। मटरू की ससुराल रौनापार बाजार निवासी कैलाश गुप्ता के घर है। शुक्रवार को कैलाश की बेटी डिंपल की बारात आई थी। द्वारपूजा समाप्त होने के बाद पड़ोस का एक युवक भोजन बना रहे हलवाई से पूड़ी और सब्जी मांगकर अपने घर ले गया। कुछ देर बाद वही युवक दोबारा फिर भोजन की मांग करने लगा। इस पर हलवाई ने इंकार कर दिया। हलवाई के इस बर्ताव से नाराज युवक ने जाकर अपने घर पर बताया। उसके साथ तीन अन्य युवक आए और हलवाई से झगड़ा करने लगे। विवाद होते देख मटरु वहां पहुंच गया और बीच बचाव करने लगा। मटरु की बात से नाराज मनबढ़ों ने उसे लातघूसों से पीटकर घायल कर दिया। साथ ही उसके गले से चेन छीन ले गए। पिटाई होने से मटरू बेहोश हो गया। घटना के बाद अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में मटरु को स्थानीय डाक्टर के यहां भर्ती कराया गया, जहां सघन इलाज के बाद उसे होश आया।
शनिवार को मटरु ने आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। सीओ सगड़ी सोहराब आलम ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।