सूरत। गुजरात के सूरत में रविवार देर रात को कई साल पुरानी एक इमारत का कुछ हिस्सा गिर गया। इसके नीचे दबने से तीन मुस्लिम महिलाओं की मौके पर मौत हो गई जबकि 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जख्मी हुए लोगों में से 12 छुट्टी दे दी गई जबकि 9 लोग अस्पताल में उपचाररत है। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं। मृतक महिलाओं की पहचान रिज़वाना बानू सय्यद, जमीला बी और शमीमा शेख के तौर पर की गई है।
दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक यह घटना आधी रात को उमरवाड़ा कालोनी में हुई। हादसे में घायल बच्चों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के दौरान यहां एक धार्मिक कार्यक्रम चल रहा था और यहां जमा 30 लोग इस स्लैब के नीचे खाना खा रहे थे कि इसी दौरान स्लैब गिर गया और इसके नीचे दबने से 3 महिलाओं की मौत हो गई। उमरवाड़ा कॉलोनी की सूरत नगर निगम द्वारा पुनर्विकास के लिए पहचान की गई है।