नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के एमएलए और साबिक कानून वज़ीर सोमनाथ भारती पर गिरफ्तारी की तलवार लटकती हुई नजर आ रही है। दिल्ली पुलिस ने सोमनाथ के खिलाफ घरेलू तशद्दुद का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारती की बीवी लिपिका मित्रा की शिकायत की बुनियाद पर जान से मारने की कोशिश और घरेलू तशद्दुद का मामला दर्ज किया है।
लिपिका मित्रा ने द्वारका थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इससे पहले भी लिपिका मित्रा ने सोमनाथ भारती पर मारपीट करने के इल्ज़ाम लगाए थे, जिसे उन्होंने खारिज कर दिया था। पुलिस ने भारती के खिलाफ दफा 307, 323 और 498ए के तहत मामला दर्ज किया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक किसी भी वक्त सोमनाथ भारती को गिरफ्तार किया जा सकता है।
पुलिस का कहना है कि उनके खिलाफ संगीन इल्ज़ाम हैं, ऎसे में वह कभी भी गिरफ्तार किए जा सकते हैं। पुलिस ने सोमनाथ और लिपिका को समझौते के लिए बताया था। इससे पहले लिपिका मित्रा ने वुमेंस कमीशन में सोमनाथ भारती के खिलाफ शिकायत दी थी। पबीवी की शिकायत को गलत करार देते हुए सोमनाथ भारती ने कहा था कि वह नहीं चाहती कि मैं अपनी मां के पास रहूं, इसलिए उन्होंने ऐसे इल्ज़ाम लगाए हैं।