हमेशा मुस्लिम कैदी ही जेल तोड़कर क्यों भागते हैं – दिग्विजय सिंह

भोपाल सेंट्रल जेल से फरार हुए कैदियों के एनकाउंटर पर सवाल करते हुए कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने आज मंगलवार को एक बार ट्वीट करके इसपर शक जताया। दिग्विजय सिंह ने कहा हमेशा मुस्लिम कैदी ही जेल तोड़ कर क्यों भागते हैं।साथ ही उन्होंने इस मुठभेड़ की NIA से जांच करने की मांग की है। इसके पहले उन्होंने कहा था कि RSS और कट्टरपंथी विचारधारा के लोग ही मिलकर दंगे करवाते हैं।

वहीं मध्यप्रदेश के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह का कहना है किसी जांच की जरुरत नहीं है, पुलिस ने सारी जानकारी मुहैया करा दी है। NIA सिर्फ जेल से भागे संदिग्ध आतंकियों के कनेक्शन की जांच करेगी। उन्होंने कहा जब भी कोई आतंकवादी किसी एनकाउंटर में मारा जाता है तो देश में कुछ लोग खासकर कांग्रेसी शक करने लगते हैं।

मजलिस के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने भी मीडिया से बातचीत में सवाल उठाया था। उन्होंने कहा, भोपाल की हाई सिक्योरिटी जेल से इन आठ लोगों का भाग जाना, और भागने से पहले वहां पर एक सिक्योरिटी गार्ड को जान से मार देना और फिर 10 घंटे के बाद 10 किलोमीटर के अंदर एनकाउंटर हो जाना। अगर हम उनकी लाशें देखते हैं तो पैरों में जूते हैं, हाथों में घड़ी है, कलाई में बैंड और कमर में बेल्ट भी बंधी है। मगर जब भी कोई अंडरट्रायल होता है तो उनको ना तो जूते पहनने की इजाज़त होती है और ना ही बैंड या घड़ी लगा सकते हैं। वैसे भी इन सभी पर गंभीर आरोप थे।