हरयाणा: लड़की-लड़का दोनों नाबालिग़, शादी रुकवाई गयी

जिले के सफीदों शहर की गीता कालोनी में रविवार को महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी कार्यालय द्वारा नाबालिग लड़की की शादी रुकवाई गई। इस शादी में दूल्हा लड़का भी नाबालिग पाया गया। बारात को बिना दुल्हन के ही वापिस घर लौटना पड़ा।

जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी करमिंद्र कौर को पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि सफीदों शहर की गीता कालोनी में एक नाबालिग लड़की की शादी करवाई जा रही है। सूचना मिलते ही जींद बाल विवाह निषेध कार्यालय से सहायक अधिकारी पहुंचे और लड़की के परिजनों से बातचीत कर लड़की के बालिग होने का प्रमाण-पत्र दिखाए जाने की बात कही गई। लड़की की उम्र 16 साल और लड़के की उम्र भी 19 साल ही मिली, जिसके कारण बारात को बिना दुल्हन ही बैरंग लौटना पड़ा।

दोनों परिवारों द्वारा महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध विभाग के अधिकारियों को लिखित में बयान दिया है कि वह कानून की पालन करेंगे तथा लड़की व लड़के के बालिग होने पर ही उसकी शादी की जाएगी।

(भाषा)